"झारखंड में मीडिया : अतीत, वर्तमान और भविष्य"
प्रलेश प्रकाशन,नई दिल्ली।
पुस्तक में तीसरा आलेख मेरा है- "संताल परगना की पत्रकारिता।"
यूं तो 1872 से लेकर कुछ वर्ष पूर्व तक के विवरण, विश्लेषण और चिंतन को समेटने में पूरा आलेख 32000 (बत्तीस हजार) शब्दों का बन पड़ा था (करीब सौ पेज से ज्यादा), किंतु इस पुस्तक के लिए आलेख की शब्द सीमा निर्धारित थी। यह बात दीगर है कि तमाम प्रयासों के बाद भी शब्द सीमा का अतिक्रमण हो ही गया। कुल 19 पेज में यह आलेख इस पुस्तक में स्थान पा सका।
किताब का आवरण ही किताब की विषयवस्तु के विस्तार का भरपूर संकेत देता है। जाहिर है, इसमें झारखंड की पत्रकारिता, प्रिंट मीडिया, साहित्य और संस्कृति, सिनेमा, रेडियो, टेलीविजन, डिजिटल मीडिया, विज्ञापन एवं जनसंपर्क जैसे विषयों को समेटने का श्लाघनीय श्रम किया गया है।
झारखंड की पत्रकारिता को लेकर ऐसी किताब की जरूरत भी थी, जिसमें विषय की व्यापकता के साथ साथ छोटानगपुर और संताल परगना, दोनों क्षेत्रों का समायोजन हो।
मेरा अनुभव है कि न केवल पत्रकारिता, बल्कि साहित्य, कला, समाज, संस्कृति, इतिहास, सभी क्षेत्र में झारखंड को लेकर होने वाले विमर्श, लेखन और आयोजनों में संताल परगना और छोटानगपुर, दोनों एक मंच पर समानुपातिक प्रतिनिधित्व नहीं पाते हैं। छोटानगपुर में होने वाले प्रयत्नों में संताल परगना स्पर्श की औपरिकता तक सिमट जाता है और संताल परगना अपनी उपलब्धियों, धरोहर, अपने गौरव व प्रयत्नों को छोटानगपुर तक संपूर्णता से पहुंचा नहीं पता है।


इस पुस्तक में इसके निराकरण का प्रयत्न किया गया है।
पुस्तक के प्रथम आलेख "हिंदी पत्रकारिता का विकास" में यशश्वी लेखक प्रो मिथिलेश कुमार सिंह ने भी संताल परगना की पत्रकारिता की विस्तार से चर्चा की है। उन्होंने इसमें मेरा भी जिक्र किया है, "नए स्वर' नमक त्रैमासिक और 'नई प्रतिभा' नाम की पत्रिका 1986 में यहां से निकली। इनका संपादन आर के नीरद ने किया।"
यह जिक्र उनकी अपनी किताब में भी है, जिसका प्रकाशन कई साल पहले हुआ है।
445 पेज की इस किताब में कुल 28 आलेख हैं। किताब का महत्व इस बात में भी है कि इसकी भूमिका यशस्वी पत्रकार व राज्यसभा के उपसभापति श्री हरिवंश जी ने लिखी है।
किताब के संपादक द्वय, पत्रकारीय अनुभव के धनी, झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग के प्रोफेसर श्री देवव्रत सिंह जी और उषा मार्टिन विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता संकाय की अतिथि व्याख्याता डॉ कीर्ति सिंह के प्राय: एक वर्ष से भी अधिक समय के श्रम का सुफल है यह पुस्तक।